डीडीयू नगर/चन्दौली। जनपद में लगातार लगने वाले जाम और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने मुगलसराय कस्बे में पैदल गश्त कर अतिक्रमण हटाओ अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य बाजारों, व्यस्त चौराहों और प्रमुख मार्गों का जायजा लिया।

एसपी ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपनी दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर ही संचालित करें और सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार समझाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं ऑटो और टोटो चालकों को भी निर्धारित स्टैंड पर ही वाहन खड़ा करने, सड़क पर सवारी न भरने तथा यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे सड़क पर वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न न करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें।

निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मुगलसराय में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम की जा सके।

पैदल गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक यातायात, थाना प्रभारी मुगलसराय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।