चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद की अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर एवं नक्सल सहित सभी थाना प्रभारी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जनपद में अपराध की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक प्रकरण में प्रभावी विवेचना की जाए।
गोवंश तस्करी पर सख्त रुख अपनाते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने तथा तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्यवाई करने के निर्देश दिए। लंबे समय से फरार चल रहे गो-तस्करों के विरुद्ध इनाम घोषित कराने की विधिक प्रक्रिया तेज करने को भी कहा, ताकि उनकी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित हो सके।
बैठक में वित्तीय धोखाधड़ी और साइबर ठगी जैसे आर्थिक अपराधों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने जनता के साथ आर्थिक धोखाधड़ी करने वाले गिरोहों और आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न थानों में दर्ज आर्थिक अपराधों से जुड़े मुकदमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्यवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
Comments (0)