सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और कार्यस्थल पर सतर्कता बरतने के दिए गए निर्देश
रोहनिया। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से बुधवार को 33/11 केवी अमरा विद्युत उपकेंद्र पर कुशल एवं अकुशल लाइनमैनों के लिए विशेष सुरक्षा एवं कार्यकुशलता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में अधिशाषी अभियंता बरईपुर इंजीनियर अभिषेक कुमार एवं उपखंड अधिकारी राजेश कुमार यादव ने लाइनमैनों को विद्युत कार्यों के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान डिस्चार्ज रॉड, सुरक्षा बेल्ट, हेलमेट, इंसुलेटेड दस्ताने सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के सही एवं सुरक्षित उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि सभी तकनीकी कर्मचारी निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करें, ताकि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने और 'शून्य दुर्घटना' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने, सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने तथा विद्युत कार्यों को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाना रहा।
Comments (0)