वाराणसी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीएलडब्ल्यू स्थित सेंट जॉन्स स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस के नारों की गूंज सुनाई दी। कार्यक्रम में वाराणसी मसीह गुरुकुल के रेक्टर मुख्य अतिथि डॉ. प्रिंस फ्रैंकलेन मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रिंस फ्रैंकलेन, विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर गुरु संत्राज और उप प्रधानाचार्य फादर संजय भारती ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

समारोह में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य, संगीत, भाषण, कविताओं और लघु नाटिका की शानदार प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ, राष्ट्रप्रेम और नागरिकों के कर्तव्यों का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में भारत की विविधता में एकता, राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को देश के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रिंस फ्रैंकलेन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सच्ची स्वतंत्रता तभी सार्थक होती है, जब हम अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी समझें। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य ने ICSE एवं ISC परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम और उत्साह से सराबोर रहा। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।