वाराणसी। सेंट जॉन्स स्कूल लेढ़ूपुर के परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। समारोह में विद्यालय परिवार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रप्रेम, एकता और देशसेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी, चयनकर्ता एवं कोच सरिता गोकर्ण, श्री विश्वनाथ गोकर्ण तथा सिस्टर लेडविन ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।

ध्वजारोहण के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्रधानाचार्य फादर हेनरी, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं अभिभावकों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक परेड निकाली और हाथों में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी की। प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समूहगान, देशभक्ति गीत, नृत्य और लघु नाटिका के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश के वीर शहीदों की शहादत को नमन किया। प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने देश की रक्षा, एकता और अखंडता को बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देश की सेवा और राष्ट्र की अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए तन, मन और धन से समर्पित रहने का दृढ़ संकल्प लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सरिता गोकर्ण ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के वीर शहीदों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी कुर्बानी व्यर्थ नहीं जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश प्रेम, देश सेवा और देशभक्ति से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। सभी को मिलकर भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाने के लिए योगदान देना चाहिए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर हेनरी ने मुख्य अतिथि सरिता गोकर्ण का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ प्रधानाचार्य फादर हेनरी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और अभिभावक मौजूद रहे। अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना की।

समारोह के दौरान पूरा विद्यालय परिसर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। देशभक्ति गीतों, नारों और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम और उत्साह से भर दिया।