वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के मोढ़ैला चौराहे के पास 3/4 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे 40 वर्षीय सतीश कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के मड़ौली निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना देर रात परिजनों को दी गई और शुरुआती तौर पर सड़क दुर्घटना की बात सामने आई। सूचना मिलते ही मृतक के भाई शैलेंद्र कुमार परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, सतीश का शव सड़क किनारे पड़ा था और सिर से खून निकल रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर भेज दिया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने सड़क दुर्घटना की बात पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि सतीश की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को मोढ़ैला चौराहे के पास लाकर फेंका गया।
मृतक के भाई शैलेंद्र ने लोहता थाना प्रभारी को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने, घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने तथा पूरे मामले की गहनता से जांच की मांग की है।
पुलिस आयुक्त आवास के बाहर परिजनों का धरना
पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन शव को लेकर पुलिस आयुक्त आवास के बाहर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। परिजनों की मांग थी कि मोढ़ैला चौराहे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर उन्हें भी वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाए।
सूचना पर एसीपी रोहनिया और एसीपी कैंट मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसीपी रोहनिया ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना में शामिल अज्ञात वाहन अथवा संदिग्ध लोगों की तलाश की जा रही है।
वहीं, लोहता थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments (0)