प्रयागराज। भूगर्भ जल विभाग, खंड प्रयागराज द्वारा भूजल सप्ताह 2026 (16 से 22 जुलाई) के अंतर्गत सोमवार को जनजागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में डी.पी. पब्लिक स्कूल, प्रयागराज तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज, प्रयागराज में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों, औद्योगिक कर्मियों और स्थानीय लोगों को भूजल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण तकनीकों तथा जन सहभागिता के माध्यम से भूजल पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
डी.पी. पब्लिक स्कूल में आयोजित लघु गोष्ठी में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि अत्यधिक भूजल दोहन, जल प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के कारण भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में जल संकट और गंभीर हो सकता है। विद्यार्थियों को जल संरक्षण के महत्व के साथ-साथ वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण की आधुनिक तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में रिचार्ज पिट, इंजेक्शन वेल, फर्स्ट फ्लश डिवाइस, कंटूर बंडिंग, गली प्लग तथा रूफ टॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी तकनीकों का विस्तार से परिचय कराया गया। इसके अलावा छात्रों के बीच चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसके परिणाम भी घोषित किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भूजल संरक्षण की शपथ लेकर जल बचाने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में रिलायंस इंडस्ट्रीज, प्रयागराज में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां औद्योगिक परिसर में वर्षा जल संचयन और भूजल रिचार्ज तकनीकों के सुरक्षित एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों को रिचार्ज पिट, रिचार्ज शाफ्ट और रिचार्ज वेल जैसी संरचनाओं के डिजाइन, निर्माण, रखरखाव तथा सुरक्षा मानकों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि किसी भी स्थिति में प्रदूषित जल को भूजल स्रोतों तक न पहुंचने दिया जाए। साथ ही रिचार्ज संरचनाओं की नियमित निगरानी, समय-समय पर सफाई और उनकी कार्यक्षमता बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया गया। भूगर्भ जल विभाग के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए व्यावहारिक सुझाव भी दिए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों ने भूजल संरक्षण को अपनी सामाजिक एवं औद्योगिक जिम्मेदारी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन तथा वर्षा जल संचयन एवं भूजल पुनर्भरण तकनीकों को प्रभावी ढंग से अपनाने का संकल्प व्यक्त किया। भूगर्भ जल विभाग ने कहा कि भूजल सप्ताह के दौरान जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।
Comments (0)