प्रयागराज। वन महोत्सव के अवसर पर जिला गंगा समिति, प्रयागराज एवं सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के संयुक्त तत्वावधान में दिल्ली पब्लिक स्कूल में पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देना था।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पौधारोपण से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर रैली निकाली। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने "एक पेड़ मां के नाम", "पेड़ लगाओ-जीवन बचाओ", "हरियाली है जीवन की खुशहाली" और "स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन" जैसे नारों के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के उत्साह और जागरूकता ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. सुजाता सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

जिला परियोजना अधिकारी एशा सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने सभी छात्रों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की भी जिम्मेदारी निभाएं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए गए, ताकि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में भी पौधारोपण कर सकें।

कार्यक्रम में शिक्षिका शिवाली श्रीवास्तव, संगीता बालाजी, रीना श्रीवास्तव, संगीता शर्मा, नेहा मखीजा, स्मिता वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों के उत्साहपूर्ण सहभागिता ने वन महोत्सव कार्यक्रम को प्रेरणादायी और सफल बनाया।