मेजा, प्रयागराज। श्रीमती श्यामा देवी इंटर कॉलेज एवं श्री रामसुंदर कृष्णवंशी कॉन्वेंट स्कूल, भासुंदर-भटौती में गुरुवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराना तथा शिक्षा के महत्व के प्रति अभिभावकों और विद्यार्थियों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक चंद्रभान सिंह एवं प्रधानाचार्या सुनीता देवी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने बच्चों को शिक्षा के महत्व, नियमित विद्यालय आने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने गांव में जागरूकता रैली निकालकर लोगों से अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने और उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई के लिए भेजने की अपील की।

प्रबंधक चंद्रभान सिंह ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को विद्यालय भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

प्रधानाचार्या सुनीता देवी ने कहा कि विद्यालय में बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करें।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा जागरूकता से जुड़े नारे लगाए और लोगों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।