प्रयागराज,। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) मुख्य परीक्षा-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने के.पी. इंटर कॉलेज तथा राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, पहचान सत्यापन प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा कक्षों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने परीक्षा के लिए नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा अवधि के दौरान अपने-अपने सेक्टर के सभी परीक्षा केंद्रों का लगातार भ्रमण करते रहें और परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्नपत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं सहित समस्त परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रूप से निर्धारित स्थान पर जमा कराना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैमरों के माध्यम से की जा रही लाइव मॉनिटरिंग का अवलोकन करते हुए निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और नकलविहीन वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
प्रशासन की कड़ी निगरानी और व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित हुई तथा अभ्यर्थियों ने भी व्यवस्थित ढंग से परीक्षा में सहभागिता की।
Comments (0)