वाराणसी। देश के सबसे बड़े और पुराने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने सोमवार को 95 बटालियन पहाड़िया मंडी, वाराणसी स्थित परिसर में अपना 88वां स्थापना दिवस अत्यंत गर्व, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया। समारोह के मुख्य अतिथि आर.एस. बालापुरकर, कमांडेंट 95 बटालियन थे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्मारक स्थल पर देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन करने के दौरान कमांडेंट आर.एस. बालापुरकर के साथ द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी आलोक कुमार, उप कमांडेंट नवनीत कुमार, उप कमांडेंट वीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी रवि प्रकाश सुनकर, सहायक कमांडेंट रंजन कुमार, सहायक कमांडेंट कृष्णा कुमार यादव, निरीक्षक प्रिंस कुमार सिंह, प्रवीण कुमार सिंह और निरीक्षक अनिल कुमार यादव उपस्थित रहे।
इसके बाद मुख्य अतिथि आर.एस. बालापुरकर ने बल के जवानों को संबोधित करते हुए उनके शौर्य, त्याग और निष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि हम सब इस बल के सदस्य हैं और इस पर हम सभी को गर्व होना चाहिए। स्थापना दिवस के अवसर पर बल की प्रत्येक समवाय कंपनी में शाम के समय विभिन्न प्रकार के खेल-कूद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। दिन के समापन पर रात्रि भोज में बल के भोजनालय में पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ का भव्य आयोजन हुआ। यहां सभी अधिकारियों और जवानों ने एक साथ भोजन कर आपसी भाईचारे और बल की एकजुटता का संदेश दिया।
Comments (0)