मेजा। मेजा खास स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय तक पहुंचने वाली सड़क वर्षों से बदहाल बनी हुई है। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन संचालित इस प्रतिष्ठित विद्यालय तक आवागमन के लिए बनाई गई सड़क,छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण है। इन्हें जंगल, झाड़ियों तथा गड्ढों से भरे उबड़-खाबड़ रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण विद्यालय तक बाइक चार पहिया वाहन से पहुंचना भी बेहद कठिन हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तीन दशक पहले विद्यालय का निर्माण जंगल के बीच सरकारी जमीन पर किया गया था, उसी समय वन विभाग की जमीन पर संपर्क मार्ग भी बनाया गया था, लेकिन समय के साथ सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई सड़क और पत्थर आने-जाने वालों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और अधिक खराब हो जाती है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों और कर्मचारियों को प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। कई बार वाहन बीच रास्ते में फंस जाते हैं, जिससे लोगों को पैदल चलकर विद्यालय तक पहुंचना पड़ता है। आपात स्थिति में भी इस मार्ग से आवागमन करना काफी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि जवाहर नवोदय विद्यालय देश के प्रमुख आवासीय शिक्षण संस्थानों में से एक है, जहां दूर-दराज के क्षेत्रों से छात्र-छात्राएं अध्ययन करने आते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण संस्थान तक जाने वाली सड़क का वर्षों से बदहाल रहना विकास कार्यों पर सवाल खड़ा करता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि विद्यालय तक जाने वाली सड़क की जल्द मरम्मत कराकर गड्ढों को भरवाया जाए और मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। उनका कहना है कि अच्छी सड़क बनने से छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी तथा विद्यालय तक आवागमन आसान हो सकेगा।
Comments (0)