सुनील गौड़ पर आठ और विनोद बंजारा पर चार मुकदमे दर्ज, चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

वाराणसी/रोहनिया । पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के वरुणा जोन में रोहनियां पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ आठ और दूसरे के खिलाफ चार आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बरामदगी के बाद थाना रोहनियां में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब चार बजे आर्यन स्कूल हाईवे अंडरपास के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मौके पर मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुनील गौड़ निवासी बालीपुर, रोहनियां, विनोद बंजारा उर्फ शेरे निवासी पहाड़ी गेट, मंडुवाडीह तथा मुन्नू गुप्ता उर्फ मोनू गुप्ता निवासी दूधुवां, चौबेपुर, हाल पता लठिया, रोहनियां के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में थाना रोहनियां में मुकदमा संख्या 0319/2026 के तहत धारा 317(2), 317(4) एवं 317(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। सुनील गौड़ के खिलाफ लंका और रोहनियां थानों में लूट, चोरी तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित आठ मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं, विनोद बंजारा के खिलाफ भी चार मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, चौकी प्रभारी अखरी धर्मेंद्र राजपूत, उप निरीक्षक नीरज कुमार, श्यामबाबू सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।