चन्दौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया। समीक्षा में कार्य संतोषजनक न मिलने पर अलीनगर, धानापुर और कंदवा के थाना प्रभारियों को हटाकर नए प्रभारी तैनात किए गए। वहीं लगातार वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पाने के कारण चन्दौली कस्बा चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया।
बैठक में एसपी ने स्पष्ट कहा कि संगठित अपराध, विशेषकर गोवंश तस्करी के मामलों में केवल तस्करों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं होगी। ऐसे मामलों में गिरोह के मास्टरमाइंड और पूरे नेटवर्क तक पहुंचकर गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्यवाई की जाएगी तथा अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्की की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निरोधात्मक पुलिसिंग मजबूत करने, हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी, रात्रि गश्त बढ़ाने, अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। साथ ही 'पाबंदी पोर्टल' के प्रभावी उपयोग और जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्यवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनशिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए एसपी ने कहा कि किसी भी शिकायत की औपचारिक या अधूरी जांच स्वीकार नहीं की जाएगी। लंबित विवेचनाओं और न्यायालयीय मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा गैर-जमानती वारंट की कार्यवाही में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
अपराध समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर 23 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए अर्थदंड और परिनिंदा दंड दिया गया। वहीं लगातार वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण नहीं कर पाने के कारण चन्दौली कस्बा चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया।
बैठक के बाद अलीनगर के थानाध्यक्ष घनश्याम शुक्ला के स्थान पर निरीक्षक गगन राज सिंह, धानापुर के थानाध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन के स्थान पर निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा तथा कंदवा के थानाध्यक्ष राजीव मल्ल के स्थान पर उपनिरीक्षक विनोद अंचल को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया।
एसपी ने कहा कि थाना प्रभारियों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, विवेचना की गुणवत्ता, निरोधात्मक कार्यवाई और जनसंतुष्टि के आधार पर लगातार किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक और विभागीय कार्यवाई जारी रहेगी।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें हत्या का शीघ्र खुलासा करने वाली टीम, गोवंश तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाई करने वाले पुलिसकर्मी, साइबर अपराध का पर्दाफाश करने वाली टीम तथा वर्षों से फरार अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाले पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Comments (0)