डीडीयू नगर। अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने लोको कॉलोनी स्थित अस्पताल के पास छापेमारी कर 23.45 लीटर अवैध अंग्रेजी व देशी शराब के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुमित कुमार (19), दीपक कुमार (21) और शमशाद अंसारी (23) निवासी डेहरी नगर, जनपद रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है।आरोपितों के कब्जे से 40 टेट्रा पैक आफ्टर डार्क (180 एमएल), 20 टेट्रा पैक 8 पीएम (180 एमएल), तीन बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) तथा 52 टेट्रा पैक ब्लू लाइम देशी शराब (200 एमएल) बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 23.45 लीटर है।जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे विभिन्न शराब ठेकों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर इकट्ठा करते थे और बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाते हुए ट्रेनों के माध्यम से वहां ले जाकर अधिक कीमत पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे से वे अपने शौक पूरे करते थे।
इस मामले में थाना अलीनगर पर मु.अ.सं. 435/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक देवेश चन्द्र तिवारी, मुख्य आरक्षी नन्दलाल यादव, आरक्षी अनुज कुमार तथा आरपीएफ के उपनिरीक्षक संदीप कुमार, आरक्षी राजीव रंजन पाठक और आरक्षी आनंद कुमार शामिल रहे।
Comments (0)