रोहनिया (वाराणसी)। पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को महामना मालवीय इंटर कॉलेज, बच्छॉव में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं पर्यावरण ऋषि अनिल सिंह के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को 5 हजार पौधों का वितरण किया गया। साथ ही पौधों के संरक्षण, जल संरक्षण और हरित पर्यावरण के महत्व की जानकारी देते हुए सभी को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईएफएस रवि सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। यदि हर व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सकता है।
इस दौरान मंडलीय वन अधिकारी के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामचरित्र, विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रमणि सिंह, ग्राम पंचायत सचिव विजय, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं पर्यावरण ऋषि अनिल सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ जल संरक्षण को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
Comments (0)