वाराणसी। थाना लोहता पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए 8 अगस्त से लापता 11 वर्षीय मासूम को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से बच्चे के परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने पुलिस टीम का दिल से आभार व्यक्त किया।

लोहता थाना क्षेत्र का रहने वाला 11 वर्षीय बालक 8 अगस्त को परिजनों को बिना कुछ बताए अचानक घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद जब बालक का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थाने में सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से बालक की तलाश के लिए लोहता पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 10 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक को मुढैला तिराहे से सुरक्षित बरामद कर लिया।

मासूम को सकुशल तलाशने की इस सफलता में लोहता थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, उप-निरीक्षक अतुल सिंह, कांस्टेबल रत्नेश राय और कांस्टेबल राजेन्द्र प्रताप की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।