मेजा, प्रयागराज। मेजा तहसील के तेंदुआ कला गांव में नहर और नाले की लंबे समय से सफाई न होने के कारण ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर और नाले में झाड़-झंखाड़, गाद और कूड़ा जमा होने से पानी का प्रवाह बाधित हो गया है। इससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और आसपास जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है। नाले का पानी निकासी न होने के कारण गांव की गलियों और खेतों में भर रहा है, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। साथ ही जलभराव से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते नहर और नाले की सफाई करा दी जाए तो सिंचाई व्यवस्था सुचारु हो सकती है और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के लोगों ने सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे प्रदर्शन कर उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के लिए मजबूर होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गांवों में बेहतर जल निकासी और सिंचाई व्यवस्था के लिए लगातार योजनाएं चला रही है, लेकिन धरातल पर उनकी सही तरीके से क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। अब क्षेत्र के लोग प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर नहर और नाले की सफाई कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं।
Comments (0)