चन्दौली। थाना मुगलसराय पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, मुगलसराय पुलिस ने ₹11,500 नकद किए बरामद। थाना मुगलसराय पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से ₹11,500 नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को ग्राम सतपोखरी में की गई छापेमारी के दौरान लगभग 70 किलो 760 ग्राम संदिग्ध गोवंशीय मांस, गोमांस काटने में प्रयुक्त एक चापड़, तीन चाकू, दो रेती सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए थे। उस समय पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मो. सैफ और उसका एक साथी मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में थाना मुगलसराय पर मुकदमा संख्या 304/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 तथा आयुध अधिनियम की धारा 4/25 में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में फरार अभियुक्तों की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गौसिया मस्जिद के पास, सतपोखरी स्थित उसके घर के निकट से मो. सैफ पुत्र मो. इकबाल (19 वर्ष), निवासी ग्राम सतपोखरी, थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹11,500 नकद बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सुरेश चन्द्र पाण्डेय (चौकी प्रभारी चन्धाशी), उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश (चौकी प्रभारी शिवाला) तथा कांस्टेबल परवेज अहमद शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।