मेजा। क्षेत्र के बिजौरा ग्राम सभा में शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार निषाद के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिजौरा सहित आसपास के कई गांवों की महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
बैठक की शुरुआत में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, शिक्षा, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सामाजिक भागीदारी के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक महिलाएं सशक्त नहीं होंगी, तब तक परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपने निर्णय स्वयं लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। महिलाओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वयं सहायता समूह, मुद्रा लोन, पेंशन, स्वास्थ्य और कौशल विकास योजनाओं के लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई गई। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि शिक्षित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर महिलाएं ही गांव की तस्वीर बदल सकती हैं।
सभा के दौरान महिलाओं ने अपनी समस्याएं भी खुलकर रखीं। महिलाओं ने मांग की कि गांव में आने-जाने के लिए एनटीपीसी के बगल से एक पक्का रास्ता बनाया जाए, जिससे बरसात में आवागमन आसान हो सके। इसके साथ ही गांव में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई गई और नियमित सफाई व कचरा निस्तारण की व्यवस्था कराने की मांग की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित सिरसा चौकी प्रभारी प्रभाकर शुक्ला ने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी और कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी।
समाजसेवी सुनील कुमार निषाद के इस प्रयास की सभी ने सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के आत्मविश्वास और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागी महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर राजेश कुमार, अरविंद कुमार, कैलाश, चंद्र देवी, शैल कुमारी, सीमा देवी, बिट्टन देवी, रामकली सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।
Comments (0)