फायर ब्रिगेड की देरी आने से गुस्सा, स्थानीय लोगों ने उठाए विभाग पर सवाल, प्रशासन से जांच व कार्रवाई की मांग

वाराणसी। जैतपुर थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी फेस-1 में एक मकान की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। मकान मालिक अभिषेक सिंह ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन दमकल की टीम को मौके पर पहुंचने में करीब 1 घंटे 50 मिनट का समय लग गया। इस देरी के कारण घर में रखा 6 से 7 लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। अभिषेक सिंह और उनकी बहन ने बताया कि यदि दमकल की गाड़ी समय पर पहुंचती तो काफी सामान बचाया जा सकता था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड के नंबर पर बार-बार फोन किए गए, लेकिन फोन काफी देर तक रिसीव नहीं हुआ। दमकल कर्मियों ने अंत में कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा है।

आग लगने के कारणों की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली की पूरी जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस घटना ने शहर में फायर सर्विस की तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।