निंदा प्रस्ताव पारित, सोमवार को डीएम से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

राजातालाब। तहसील बार एसोसिएशन के बैनर तले शनिवार को अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी शांतनु कुमार सिंह सिनसिनवार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए पूरे दिन न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया। इस दौरान अधिवक्ता न्यायालयों से दूर रहे और धरना देकर अपनी नाराजगी जताई।

बैठक की अध्यक्षता कनिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन महामंत्री वीरेंद्र कुमार यादव ने किया। प्रस्तावक मनीष कुमार सिंह के प्रस्ताव पर सदन ने सर्वसम्मति से एसडीएम के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया और न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।

धरने को समर्थन देने पहुंचे सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम ने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार से पूरे अधिवक्ता समाज में रोष है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार को बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिलकर मामले के शीघ्र एवं सम्मानजनक समाधान की मांग करेगा।

धरना-प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष रामजी सिंह पटेल, सरजीत भारद्वाज, छेदी लाल यादव, पूर्व महामंत्री प्रदीप कुमार सिंह, बाबर अली साबरी, विश्वजीत श्रीवास्तव, काशीनाथ पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।