केंद्रीय सचिव ने करसड़ा व रमना प्लांट का किया निरीक्षण, बोले—स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ; पौधारोपण कर दिया हरित विकास का संदेश

वाराणसी। काशी को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में देश के मॉडल शहरों में शामिल करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में भारत सरकार के सचिव श्रीनिवास कटिकिथला एवं संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा ने करसड़ा और रमना स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली, संसाधनों और अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय सचिव ने ठोस अपशिष्ट के संग्रहण, प्रसंस्करण और निस्तारण की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित कचरा प्रबंधन से शहर की स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

निरीक्षण के बाद सचिव श्रीनिवास कटिकिथला एवं संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा ने प्लांट परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। उनका कहना था कि स्वच्छता और हरित पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा सतत विकास के लिए दोनों क्षेत्रों में समान रूप से कार्य करना जरूरी है।

केंद्रीय अधिकारियों ने प्लांट में उपलब्ध संसाधनों, संचालन व्यवस्था और कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष जताते हुए भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त इंद्रजीत सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।