बीएलडब्ल्यू अंडरपास पर चेकिंग के दौरान दो युवकों को तमंचा व कारतूस समेत गिरफ्तार

वाराणसी। मण्डुवाडीह थाना पुलिस ने बीएलडब्ल्यू अंडरपास के पास सघन चेकिंग अभियान के दौरान दो संदिग्ध युवकों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की सूझबूझ और सतर्कता से एक देशी तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिससे क्षेत्र में संभावित अपराध की घटनाओं को रोका जा सका। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हिमांशु तिवारी पुत्र राकेश तिवारी, निवासी नारायणपुर, थाना थरवई, जनपद प्रयागराज और शिवम सिंह पुत्र विजय प्रताप सिंह, निवासी खपटिहां, थाना हंडिया सैदाबाद, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। दोनों प्रयागराज जिले के रहने वाले हैं।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने इन दोनों के कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस (.315 बोर), 420 रुपये नकद और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद किया। मण्डुवाडीह थाने में दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों से पूछताछ की जा रही है कि वे तमंचा व कारतूस कहां से लाए थे और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से करना चाहते थे। यह सफल कार्रवाई उप निरीक्षक प्रवीण सचान, उप निरीक्षक विशाल सिंह, उप निरीक्षक ऋषभ शुक्ला तथा फैंटम-48 और फैंटम-46 की पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस का कहना है कि शहर में हथियारों की तस्करी और अवैध हथियारों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।