बनारस रेलवे स्टेशन पर नशीली चाय पिलाकर चोरी करने वाला दंपती गिरफ्तार, CIB-जीआरपी-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

वाराणसी। बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को नशीली चाय पिलाकर उन्हें बेहोश करने और फिर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक दंपती को सीआईबी वाराणसी, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व सीआईबी वाराणसी ने किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदयाल मिश्रा (29 वर्ष) पुत्र अवधेश मिश्रा तथा उसकी पत्नी ज्योति (24 वर्ष) निवासी भोरकला, थाना मिर्जामुराद, वाराणसी के रूप में हुई है।

आरोपियों के कब्जे से बरामद सामान

पुलिस ने आरोपियों के पास से ओप्पो कंपनी का एक चोरी का मोबाइल फोन, 3,180 रुपये नकद, ATIVAN 1 MG की 18 गोलियां (दो पत्ते), ATIVAN 2 MG की 27 गोलियां (तीन पत्ते) तथा भुजिया नमकीन के दो खुले पैकेट बरामद किए हैं।

नशीली चाय पिलाकर करते थे चोरी

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 13 जून 2026 को बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर एक महिला यात्री को नशीली चाय पिलाकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद उसका सोने का चेन और हैंडबैग चोरी कर फरार हो गए थे।पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन और नकदी उसी घटना से संबंधित हैं। वहीं चोरी किया गया सोने का चेन महराजगंज के एक सराफा व्यापारी को बेच दिया गया था।

फिर वारदात की फिराक में पहुंचे थे स्टेशन

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शनिवार को एक बार फिर बनारस रेलवे स्टेशन पर इसी तरह की वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। हालांकि, पहले से सतर्क सीआईबी, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया इस कार्रवाई में सीआईबी वाराणसी, जीआरपी वाराणसी, जीआरपी बनारस और आरपीएफ पोस्ट बनारस की संयुक्त टीम शामिल रही कार्रवाई में सीआईबी वाराणसी से निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक हरिश्चन्द्र यादव और कांस्टेबल शिव प्रसाद सोनी, जीआरपी वाराणसी से निरीक्षक देव चन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल पवन कुमार और महिला कांस्टेबल संगम सिंह, जीआरपी बनारस से उपनिरीक्षक अशोक कुमार ओझा और कांस्टेबल मुन्ना चौहान तथा आरपीएफ पोस्ट बनारस से निरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल हरेन्द्र यादव शामिल रहे।फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि उन्होंने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और उनके गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।