वाराणसी। शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुमुक्षु भवन परिसर में रविवार को मियावाकी पद्धति से सघन वृक्षारोपण किया गया। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने आंवले का पौधा रोपित कर अभियान की शुरुआत की।
सृजन संस्था के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में यज्ञशाला के समीप स्थित लगभग 100 वर्गमीटर क्षेत्र में 30 प्रजातियों के कुल 401 पौधे चार अलग-अलग स्तरों में लगाए गए। संस्था के उपाध्यक्ष मदन राम चौरसिया तथा मुमुक्षु भवन के सचिव काबरा जी ने कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि वाराणसी में तेजी से हो रहे शहरीकरण के कारण पौधारोपण के लिए भूमि सीमित होती जा रही है। ऐसे समय में मियावाकी पद्धति से विकसित किया जा रहा यह सघन वन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल है। उन्होंने कहा कि सृजन संस्था के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह का यह प्रयास आने वाले वर्षों में पूरे शहर के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अनिल कुमार सिंह एवं काबरा जी को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। वहीं अनिल कुमार सिंह ने विधायक को सावनी फूल का पौधा स्मृति-चिह्न के रूप में भेंट किया।
आयोजकों के अनुसार तैयार किया जा रहा यह लघु वन यज्ञशाला में होने वाले अनुष्ठानों से निकलने वाले धुएं को प्राकृतिक रूप से अवशोषित कर वातावरण को शुद्ध रखने में सहायक होगा। साथ ही यह परिसर के तापमान को नियंत्रित करने, भूजल संरक्षण, जैव विविधता बढ़ाने तथा पक्षियों एवं तितलियों के लिए प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में आश्रम के मैनेजर मनीष पांडे, हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा फाउंडेशन के संयोजक मनोज कुमार, अमरचंद, अर्चना अग्रवाल, श्रीकांत पांडे, साधु-संत, त्रिदंडी स्वामी, संस्कृत विद्यालय के गुरुजन, छात्र एवं बड़ी संख्या में काशीवासी उपस्थित रहे।
Comments (0)