बीएनआई वाराणसी ने प्रेस वार्ता में घोषणा की सोनू शर्मा का विशेष संबोधन मुख्य आकर्षण
वाराणसी। बिजनेस नेटवर्क इंटरनेशनल (बीएनआई) वाराणसी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अपने वार्षिक प्रमुख आयोजन ‘उद्भव 2026’ की औपचारिक घोषणा की। “द राइज़ ऑफ बिज़नेस” थीम पर आधारित यह भव्य सम्मेलन रविवार, 2 अगस्त को होटल ताज गंगे में आयोजित होगा। इसमें वाराणसी सहित देश के विभिन्न शहरों से 600 से अधिक उद्यमी, उद्योगपति, व्यवसायी, प्रोफेशनल्स और उनके परिवारजन भाग लेंगे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बीएनआई वाराणसी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आयुष नरसरिया ने कहा कि ‘उद्भव’ पूर्वांचल के सबसे बड़े बिजनेस नेटवर्किंग आयोजनों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में मात्र 15 सदस्यों वाले एक चैप्टर से शुरू हुई बीएनआई वाराणसी की यात्रा आज एक सशक्त व्यावसायिक समुदाय के रूप में स्थापित हो चुकी है। इस दौरान हजारों सफल बिजनेस रेफरल और मजबूत व्यावसायिक संबंधों का निर्माण हुआ है। नरसरिया ने जोर देते हुए कहा कि ‘उद्भव 2026’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बीएनआई सदस्यों की सामूहिक सफलता, सहयोग और विश्वास का उत्सव है।
इस वर्ष के आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण देश के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर एवं बिजनेस कोच सोनू शर्मा का विशेष संबोधन होगा। वे उद्यमिता, नेतृत्व, व्यवसाय विस्तार और सफलता के विभिन्न आयामों पर अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। पूरे दिन चलने वाले इस सम्मेलन में क्रॉस-सिटी वन-टू-वन बिजनेस कॉन्क्लेव, बिजनेस नेटवर्किंग सत्र, स्पॉन्सर एग्जीबिशन स्टॉल, उत्कृष्ट बीएनआई चैप्टर्स एवं सदस्यों का सम्मान, सफल उद्यमियों की प्रेरक कहानियां, सांस्कृतिक संध्या तथा रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा। बीएनआई वाराणसी का उद्देश्य विभिन्न शहरों के उद्यमियों को एक साझा मंच पर जोड़कर रेफरल नेटवर्किंग, सहयोग और विश्वास के माध्यम से नए व्यावसायिक अवसरों का सृजन करना है।
गौरतलब है कि बिजनेस नेटवर्क इंटरनेशनल (बीएनआई) विश्व का सबसे बड़ा बिजनेस नेटवर्किंग संगठन है, जो 75 से अधिक देशों में सक्रिय है। यह संगठन अपने संरचित रेफरल नेटवर्किंग मॉडल के माध्यम से उद्यमियों और प्रोफेशनल्स को गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक अवसर, विश्वसनीय संबंध और सतत विकास का मंच उपलब्ध कराता है। आयोजकों को उम्मीद है कि सैकड़ों उद्यमियों, प्रतिष्ठित अतिथियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की उपस्थिति के साथ ‘उद्भव 2026’ पूर्वी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े बिजनेस नेटवर्किंग आयोजनों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
Comments (0)