वाराणसी। देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का प्रतीक राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) में शामिल होने की चाह लिए विद्यार्थियों का उत्साह उस समय देखने को मिला, जब स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल, बनपुरवां के परिसर में 91 यूपी बटालियन एनसीसी, मुगलसराय ग्रुप-ए, बीएचयू के तत्वावधान में एनसीसी भर्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति अपने समर्पण और सेवा भावना का परिचय दिया।
विद्यालय में आयोजित इस चयन प्रक्रिया के अंतर्गत जूनियर डिवीजन एवं सीनियर डिवीजन में 25-25 कैडेटों के चयन का लक्ष्य रखा गया। सीनियर डिवीजन के बी-सर्टिफिकेट हेतु 11वीं कक्षा के कुल 149 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह से ही विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों का जोश और अनुशासन देखने लायक था।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न कराई गई। अभ्यर्थियों को कई चरणों की कठिन शारीरिक परीक्षा से गुजरना पड़ा, जिसमें ऊँचाई की माप, दौड़, लंबी कूद, सीट-अप, पुश-अप सहित अन्य शारीरिक दक्षताओं का परीक्षण किया गया। शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच एवं लिखित परीक्षा भी आयोजित की गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सील कर सुरक्षित रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बाद अंतिम परिणाम की घोषणा एनसीसी कार्यालय द्वारा निर्धारित समय पर की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया का संचालन 91 यूपी बटालियन एनसीसी के अधिकारियों की देखरेख में हुआ। इस दौरान कर्नल सुखवीर पुनिया, सुबेदार चन्द्रशेखर, सुबेदार लोकनाथ, ओम गुरूंग, सुनील कुमार, भर्ती क्लर्क एवं वरिष्ठ सहायक उदयभान, विनोद कुमार तथा प्रदीप यादव ने चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
विद्यालय की ओर से प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. चौबे, छात्रावास अधीक्षक लेफ्टिनेंट एम.एस. यादव (सेवानिवृत्त) तथा एएनओ हवलदार यादव सहित समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भर्ती प्रक्रिया में सहयोग किया। प्रधानाचार्य डॉ. चौबे ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में अनुशासन और देशभक्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
विद्यालय परिसर में पूरे दिन अनुशासन, ऊर्जा और देशभक्ति का माहौल बना रहा। भर्ती प्रक्रिया के सफल आयोजन से विद्यार्थियों में एनसीसी के प्रति उत्साह और भी बढ़ा। चयनित होने वाले कैडेट आगे चलकर विभिन्न राष्ट्रीय शिविरों, सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों और सामाजिक सेवा गतिविधियों में भाग लेकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
Comments (0)