वाराणसी। काशी की गौरवशाली सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ 16 जुलाई 2026 को स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती इंटर कॉलेज, रोहनिया के सभागार में भव्य रूप से किया गया।। काशी की गौरवशाली सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ 16 जुलाई 2026 को स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती इंटर कॉलेज, रोहनिया के सभागार में भव्य रूप से किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सुनील पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि काशी विश्व की प्राचीनतम जीवंत नगरी है, जिसकी संस्कृति, परंपराएं और आध्यात्मिक विरासत पूरी दुनिया को आकर्षित करती हैं। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व की भावना विकसित करती हैं और उन्हें काशी की विरासत के प्रचार-प्रसार का माध्यम बनाती हैं।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी, काशी विद्यापीठ श्री स्कन्द गुप्त ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 14 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के छात्र-छात्राएं काशी के मंदिरों, घाटों, सांस्कृतिक परंपराओं, खान-पान, लोकजीवन, पहनावे और ऐतिहासिक स्थलों पर आधारित रचनात्मक प्रस्तुतियां देंगे। विद्यार्थी इन विषयों पर आकर्षक रील (Reel) बनाकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इसके साथ ही निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

श्री गुप्त ने कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को काशी की विरासत से जोड़ने के साथ-साथ पर्यटन, डिजिटल माध्यमों, शोध, प्रस्तुतीकरण एवं संचार कौशल के विकास का अवसर प्रदान करेगी। विद्यार्थी भविष्य में काशी की वैश्विक पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री देवेंद्र कुमार सिंह, अपना दल के जिला अध्यक्ष श्री मानस कुमार सिंह, निजी सचिव श्री राजकुमार, श्री अतुल कुमार, श्री मनोज कुमार, श्री राजकुमार, श्री अनूप कुमार, श्री संजय सोनी, नोडल शिक्षक संकुल, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सपना तिवारी ने प्रभावी ढंग से किया। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया।