सर्व वैश्य समाज समिति के समारोह में जन्मदिन की पूर्व संध्या पर काटा केक, बोलीं—काशी भारत की आत्मा, यहां की संस्कृति पूरे देश के लिए प्रेरणा

वाराणसी, 18 जुलाई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रथम काशी आगमन पर शनिवार को चौकाघाट स्थित हेरिटेज पैलेस में सर्व वैश्य समाज समिति की ओर से भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। काशी की सांस्कृतिक परंपरा और वैश्य समाज की एकजुटता से ओतप्रोत इस आयोजन में मुख्यमंत्री ने जन्मदिन की पूर्व संध्या पर पहली बार काशी में केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार, शहनाई वादन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच उनका आत्मीय स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री के आगमन पर वेदपाठी बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं मंगलाचरण किया। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने उन्हें अंगवस्त्र, समिति के अध्यक्ष आर.के. चौधरी ने पुष्पगुच्छ तथा समाज की ओर से पुष्पमालाओं से सम्मानित किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का प्रथम काशी आगमन पूरे वैश्य समाज और काशीवासियों के लिए गौरव का क्षण है। वहीं समिति के अध्यक्ष आर.के. चौधरी ने कहा कि वैश्य समाज व्यापार, उद्योग और सेवा के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को निरंतर सशक्त बना रहा है तथा समाज की ताकत उसकी एकता में निहित है।

समिति के महामंत्री दीपक कुमार बजाज ने कहा कि सर्व वैश्य समाज समिति समाज सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, युवा सशक्तिकरण और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमाशंकर अग्रवाल ने कहा कि काशी से शुरू हुई यह सामाजिक पहल भविष्य में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर समाजहित के अनेक रचनात्मक कार्यों को नई गति देगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि "काशी भारत की आत्मा है। यहां की संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।" उन्होंने महिला सशक्तिकरण, युवा विकास और राष्ट्र निर्माण में वैश्य समाज की भूमिका की सराहना करते हुए समाज की एकजुटता को देश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

समारोह के दौरान विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों ने मुख्यमंत्री को स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। जन्मदिन की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री ने केक काटकर उपस्थित लोगों का स्नेह स्वीकार किया और सभी का आभार व्यक्त किया। इसके बाद शास्त्रीय एवं लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अंत में बनारसी व्यंजनों के साथ आयोजित रात्रिभोज में बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि, उद्योगपति, व्यापारी और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

समारोह में राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल, आर.के. चौधरी, दीपक कुमार बजाज, उमाशंकर अग्रवाल, सर्वेश अग्रवाल, राधे गोविंद केजरीवाल, सुरेश तुलस्यान सहित सर्व वैश्य समाज समिति के पदाधिकारी, विभिन्न वैश्य समाजों के प्रतिनिधि, उद्योगपति, व्यापारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।