वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर-खजूरी रोड स्थित आर.डी. अस्पताल के पास मंगलवार शाम करीब 7 बजे चेन स्नेचिंग की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार बदमाश एक युवती के गले से सोने की चेन झपटकर चौकाघाट की ओर फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, राजेश गुप्ता की बेटी शोरभी गुप्ता खरीदारी कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाश पीछे से आए और उनके गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए। छीनी गई चेन की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि क्षेत्र में चेन स्नेचरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें पुलिस का भी डर नहीं रह गया है।
पीड़ित परिवार ने कैंट थाने में घटना की तहरीर दे दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
Comments (0)