वाराणसी। गंगा में संभावित बाढ़ से पहले रेती पर फैले कूड़े-कचरे एवं धार्मिक निर्माल्य के निस्तारण की मांग को लेकर मंगलवार को काशी के गंगासेवियों ने गंगा सेवक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में नगर निगम की जनसुनवाई के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को ज्ञापन सौंपा। गंगासेवियों ने कहा कि यदि बाढ़ आने से पहले रेती पर बिखरे कचरे और धार्मिक अवशेषों का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण कर दिया जाए तो बाढ़ के दौरान यह सामग्री गंगा में नहीं बहेगी, जिससे गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलीकरण अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने नगर आयुक्त को आश्वस्त किया कि इस पुनीत कार्य में नगर निगम के कर्मचारियों के साथ गंगासेवी भी पूर्ण सहयोग करेंगे। गंगासेवियों के आग्रह को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला तथा महानगर प्रभारी पुष्पलता वर्मा सहित अन्य गंगासेवी उपस्थित रहे।