इनर व्हील क्लब वाराणसी सेंट्रल ने दिया निःशुल्क डायलिसिस का सहारा
सेवा कार्यों में सक्रिय रही क्लब की टीम, भविष्य में और प्रयास करने का संकल्प
वाराणसी। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय इनर व्हील क्लब ऑफ वाराणसी सेंट्रल ने एक बार फिर जरूरतमंदों की मदद का उदाहरण पेश किया है। क्लब द्वारा आज हिंदू सेवा सदन हॉस्पिटल में पांच गरीब व जरूरतमंद मरीजों का निःशुल्क डायलिसिस कराया गया। इस पहल से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। क्लब की अध्यक्ष नीमा अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि संस्था समय-समय पर ऐसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्ग की मदद करती रहती है। उन्होंने बताया कि किडनी संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को महंगे इलाज का बोझ उठाना पड़ता है, इसलिए क्लब ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निःशुल्क डायलिसिस शिविर आयोजित किया। क्लब की ओर से मरीजों के इलाज का पूरा खर्च वहन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की सचिव कविता साह, अलका शाह एवं मधु सर्राफ सहित अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी सदस्यों ने मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया और उन्हें प्रोत्साहित किया। क्लब की अध्यक्ष नीमा अग्रवाल ने बताया कि समाजसेवा क्लब की प्राथमिकता है। भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य सेवा संबंधी कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद लोगों तक पहुंच बनाई जा सके। क्लब के इस सेवा कार्य की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।
Comments (0)