वाराणसी।कैण्ट विधानसभा क्षेत्र के मेधावी छात्र आर्यन दूबे ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 में ऐतिहासिक सफलता अर्जित कर न केवल काशी, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। आर्यन ने परीक्षा में 720 में से 710 अंक प्राप्त करते हुए उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान, 99.99965 पर्सेंटाइल तथा ऑल इंडिया रैंक (AIR) 7 हासिल की है। उनकी इस असाधारण उपलब्धि पर वाराणसी कैण्ट के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि आर्यन दूबे की यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि काशी सदैव ज्ञान, शिक्षा और प्रतिभा की भूमि रही है तथा आर्यन ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, एकाग्रता और दृढ़ संकल्प के बल पर इस गौरवशाली परंपरा को और समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास सबसे बड़ी पूंजी होती है और आर्यन ने इसे अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सिद्ध किया है।विधायक ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में इतनी उत्कृष्ट रैंक प्राप्त करना अत्यंत कठिन उपलब्धि है। आर्यन की सफलता प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देगी।

श्री श्रीवास्तव ने आर्यन के माता-पिता एवं परिवारजनों को भी बधाई देते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे परिवार का त्याग, संस्कार और सतत सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आर्यन भविष्य में एक उत्कृष्ट चिकित्सक बनकर समाज एवं राष्ट्र की सेवा करेंगे और अपने ज्ञान एवं संवेदनशीलता से मानवता की सेवा का नया उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।

इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने आर्यन दूबे को स्मृति-चिह्न एवं शुभकामनाएं भेंट करते हुए उनके उज्ज्वल, सफल एवं यशस्वी भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि काशी की यह प्रतिभा आने वाले समय में देश के चिकित्सा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगी तथा उत्तर प्रदेश और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित करेगी।

आर्यन दूबे की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से काशी सहित पूरे प्रदेश में हर्ष का वातावरण है। शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा गणमान्य नागरिकों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।