राजातालाब में उमड़ा आस्था का सैलाब, जय जगन्नाथ और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा क्षेत्र
राजातालाब। भैरव तालाब में आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक रथयात्रा मेले का शुभारंभ गुरुवार को कुंवर अनंत नारायण सिंह ने परंपरागत विधि-विधान के साथ किया। उन्होंने रानी बाजार स्थित किला परिसर से भगवान जगन्नाथ जी का रथ खींचकर यात्रा की शुरुआत की।
श्रद्धालुओं के जय जगन्नाथ और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच रथ रानी बाजार से राजातालाब, कचनार, बीरभानपुर और ओदार होते हुए भैरव तालाब स्थित भगवान लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचा। इस दौरान कुंवर अनंत नारायण सिंह हाथी पर सवार होकर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए यात्रा में शामिल हुए।
मंदिर पहुंचकर उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी का दर्शन-पूजन किया तथा परंपरा के अनुसार यजमानों को दक्षिणा प्रदान की। मेले में राजातालाब, भैरव तालाब और मोहनसराय सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
मेले में झूले, सर्कस, जादूगर, खिलौने, मिठाई और खान-पान की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा और सीसी कैमरों से निगरानी की गई।
मेला समिति अध्यक्ष राजकुमार राजभर की देखरेख में आयोजन संपन्न हुआ। एडीसीपी नृपेंद्र सिंह, एसीपी राजातालाब वीर सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
रथयात्रा से पूर्व किला परिसर स्थित दरबार में क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने कुंवर अनंत नारायण सिंह को नजराना भेंट कर वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया। इस अवसर पर राजकुमार राजभर, पुरुषोत्तम सिंह, अनिल प्रताप सिंह, निलय सिंह, सुशील सिंह तोयज, प्रदीप सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
Comments (0)