मुख्य अतिथि ने किसानों की समृद्धि को देश की खुशहाली का आधार बताया उद्योग
वाराणसी। बुधवार को कमिश्नरी सभागार में मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना तथा भारत टैक्सी के शुभारंभ कार्यक्रम का समारोहपूर्वक सीधा प्रसारण दिखाया गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा किए गए इस शुभारंभ का सजीव प्रसारण आगंतुक अतिथियों और गणमान्य किसानों के समक्ष किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योग राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे। उद्योग राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि देश की खुशहाली का रास्ता किसानों की संपन्नता से ही होकर गुजरता है। उन्होंने सीधा प्रसारण कराए जाने वाले कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए आयोजक जिला सहकारी फेडरेशन के अध्यक्ष तथा पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश सिंह अलगू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सहकारिता एक सशक्त माध्यम है और इसे हर हाथ तथा हर घर तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। शासन द्वारा किसानों को छह प्रतिशत ब्याज पर छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण दिए जाने और सहकारी टैक्सी सेवा शुरू किए जाने के निर्णय को उन्होंने क्रांतिकारी कदम बताते हुए सराहना किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष रामसकल पटेल ने प्रदेश सरकार द्वारा सहकारिता और किसानों की उन्नति के लिए किए गए कार्यों को कार्यक्रम में सबके समक्ष रखा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सहकारी समितियां इसी तरह दिन दूनी रात चौगुनी उन्नति करेंगी। समारोह में एमएलसी धर्मेंद्र राय, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया और जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुजीत सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह और आगंतुक अतिथियों द्वारा प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के बाद मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने भारत टैक्सी चालकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष तथा जिला सहकारी फेडरेशन के अध्यक्ष राकेश सिंह अलगू ने हंसराज विश्वकर्मा और वाराणसी मंडल की संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से कार्यक्रम सफल हो सका। कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त सोमी सिंह, सहायक आयुक्त वाराणसी सुरेंद्र कुमार मौर्य, एडीसीओ अवधेश सिंह, लालजी, माधवराम, संगीता वर्मा, नीरज आनंद, अमित मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश कुमार श्रीवास्तव, एडीसीओ मंडलीय कार्यालय द्वारा किया गया।
Comments (0)