वाराणसी। थाना सारनाथ पुलिस ने लूट की घटना में तेजी से कार्रवाई करते हुए 9.09 ग्राम की सोने की चैन और घटना में इस्तेमाल चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल बरामद कर मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय, अपराध शाखा, पुलिस उपायुक्त वरूणा जोन और सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान का हिस्सा है। 6 जुलाई 2026 को सारनाथ के खजुही इलाके में मोहित कुमार गुप्ता की 71 वर्षीय मां कौशल्या देवी की दुकान में दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवकों ने घुसकर बुजुर्ग महिला को थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट कर उनके गले से सोने की चैन छीन ली थी। पीड़ित परिवार ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसका मुकदमा संख्या 362/2026 धारा 331(3), 309(6) बीएनएस एवं 317(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। विवेचना अधिकारी उपनिरीक्षक अजय कुमार को मामले की जांच सौंपी गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे लगभग 60 सीसीटीवी फुटेज का गहन अध्ययन किया। 10 जुलाई को मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर टीम अलर्ट हो गई कि लूट में इस्तेमाल काली बुलेट मोटरसाइकिल लेढ़पुर से हवेलिया की ओर आ रही है। सूचना पर भरोसा करते हुए टीम हवेलिया चौराहे पहुंची और पैदल चलकर हवेलिया रेलवे क्रासिंग के पास घात लगाकर छिप गई।
रात करीब 12:35 बजे (11 जुलाई प्रातः 00:35) एक बुलेट सवार व्यक्ति आते दिखाई दिया। मुखबिर के इशारे पर उपनिरीक्षक अजय कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर उसे घेर लिया। तलाशी में आरोपी की पैंट की जेब से लूट की पीली धातु की चैन (दो टुकड़ों में, वजन 9.09 ग्राम, अनुमानित कीमत 1,10,000 रुपये), मोटरोला नीला मोबाइल फोन (आईएमईआई: 352467545171956/23, 352467545171964/23) और 400 रुपये बरामद हुए। साथ ही चोरी की रॉयल एनफील्ड बुलेट (काली, नंबर UP50BZ0581, कीमत लगभग 2,50,000 रुपये) भी जब्त की गई।
विजय चौहान का आपराधिक इतिहास काफी लंबा दिखा मु0अ0सं0 305/2024, थाना लालपुर, मु0अ0सं0 0017/2026, थाना लालपुर (आर्म्स एक्ट सहित)
मु0अ0सं0 407/2026, थाना भेलूपुर, वर्तमान मुकदमा थाना सारनाथ मे हैं। दूसरे आरोपी ओमकार मिश्रा उर्फ कार्तिक की तलाश की जा रही हैं। गिरफ्तारी के समय थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अजय कुमार, विश्वेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, पंकज सिंह तथा अन्य जवान मौजूद रहे। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Comments (0)