वाराणसी। कैण्ट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सोमवार को अपने नियमित जनसंपर्क अभियान 'आपका विधायक–आपके द्वार' के तहत जीवधिपुर क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सैकड़ों परिवारों का कुशलक्षेम जाना और क्षेत्र की सड़क, पेयजल, जलनिकासी, स्वच्छता, बिजली, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं और सुझाव सुने।
विधायक ने कहा कि यह अभियान केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता से सीधे संवाद स्थापित कर विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने और उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम है। उन्होंने संबंधित विभागों के माध्यम से सभी समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर समयबद्ध कार्रवाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान विधायक ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी और पात्र परिवारों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है।
सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि "जनता का विश्वास ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पूंजी है। जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनने से विकास योजनाएं वास्तविक जरूरतों के अनुरूप बनती हैं। मेरा प्रयास है कि कैण्ट विधानसभा का हर नागरिक यह महसूस करे कि उसका विधायक हर परिस्थिति में उसके साथ खड़ा है।"
उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक होता है, जब उसमें जनता की सक्रिय भागीदारी और सुझाव शामिल हों। इस अवसर पर मोदनवाल, बाबी सिंह, सागर सहित भारतीय जनता पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Comments (0)