24 से 48 घंटे में सक्रिय हो सकता है मानसून, जुलाई के पहले सप्ताह में तापमान 5 से 7 डिग्री तक गिरने के संकेत

 

वाराणसी। बंगाल की खाड़ी से उठी मानसूनी पुरवाई ने रविवार को काशी में दस्तक दे दी। करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पूर्वी हवा के चलते शहर में मानसून जैसा अहसास होने लगा। हालांकि उमस बरकरार रही, लेकिन मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि अगले 24 से 48 घंटे के भीतर जिले में मानसून सक्रिय हो सकता है।

 

रविवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था। प्रदेश में सबसे गर्म रात वाराणसी में दर्ज की गई।

 

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून शक्तिनगर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके सक्रिय होते ही पूर्वांचल में बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। इससे भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

 

बारिश की प्रतीक्षा कर रहे किसानों के लिए भी यह राहतभरी खबर है। धान की रोपाई सहित कई कृषि कार्य वर्षा के अभाव में प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून सक्रिय होने के बाद खेती-किसानी की गतिविधियों में तेजी आएगी।

 

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं जुलाई के पहले सप्ताह में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।