वाराणसी। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता वाराणसी सुरेंद्र कुमार मौर्य के निर्देश पर जिला सहकारी बैंक वाराणसी की लहरतारा शाखा में एडीसीओ अवधेश सिंह ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने बीपैक्स सचिवों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश जारी किए। एडीसीओ अवधेश सिंह ने स्पष्ट किया कि ब्लॉक की सभी बीपैक्स चाहे वे कंप्यूटराइजेशन के लिए चयनित हों या नहीं 15 अगस्त से पहले एक कंप्यूटर भिज्ञ कार्मिक अवश्य रखें। उन्होंने बताया कि ब्लॉक की कुल 12 बीपैक्स में से 9 का संतुलन पत्र प्राप्त हो चुका है। शेष बैलेंस शीट सोमवार तक उपलब्ध कराने के निर्देश सचिव विनय त्रिपाठी को दिए गए।

शाखा प्रबंधक कुंवर देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यालय से आपत्ति लगकर वापस आई ऋण सीमाओं की आपत्तियों का निस्तारण कराया। उन्होंने सभी सचिवों से अपील की कि ऋण सीमा में अपेक्षित प्रविष्टियाँ ध्यानपूर्वक भरें, ताकि कोई त्रुटि न हो और स्वीकृति में विलंब या कठिनाई न आए। एडीसीओ अवधेश सिंह ने खरीफ अभियान को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अभियान शुरू हुए चार महीने बीत जाने के बावजूद ऋण वितरण शून्य रहना सचिवों द्वारा अपने मूल कर्तव्य की घोर अवहेलना का द्योतक है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगस्त माह में ऋण वितरण होने के उपरांत ही सचिवों का वेतन भुगतान किया जाएगा।

रमना बीपैक्स के सेवानिवृत्त सचिव मेराजुद्दीन द्वारा सात वर्षों से समिति की 32 हजार रुपये से अधिक धनराशि जमा न करने के मामले में एडीसीओ ने वर्तमान सचिव विनय त्रिपाठी को निर्देश दिया कि ब्याज सहित लगभग 80 हजार रुपये की वसूली हेतु दोषी पूर्व सचिव को नोटिस भेजें। राशि जमा न होने की स्थिति में उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा गया। बैठक में एडीसीओ अवधेश सिंह, शाखा प्रबंधक कुंवर देवेंद्र प्रताप सिंह, खुशबू यादव (आँकिक), रमाकांत त्रिपाठी, उत्कर्ष सिंह, विनय त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।