वाराणसी। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के "वृक्षारोपण महायज्ञ-2026" एवं "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत बच्छांव ग्राम पंचायत में रविवार को वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम प्रधान रामचरित्र पटेल के नेतृत्व में पंचायत भवन परिसर में पौधे लगाकर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने पौधरोपण कर किया। इस दौरान औषधीय, फलदार और छायादार प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल का भी संकल्प ले।
ग्राम प्रधान रामचरित्र पटेल ने बताया कि अभियान के दौरान पीपल, बरगद, नीम, आम, सहजन, जामुन और आंवला सहित विभिन्न पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संकल्प है।
वहीं खण्ड विकास अधिकारी राजेश यादव ने ग्रामीणों से अपील की कि वे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी सुरक्षा व देखभाल की जिम्मेदारी निभाएं।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी विजय कुमार , मनीष राव, गंगेश्वर, राम अवतार, मनोज कुमार, जयप्रकाश शाहिद सहित सैकड़ों ग्रामीण एवं पंचायत कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने पौधों की सुरक्षा और हरित वातावरण निर्माण का संकल्प लिया।
बच्छांव में आयोजित यह पौधरोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों की बढ़ती जागरूकता और जनभागीदारी का प्रेरणादायक उदाहरण बना।
Comments (0)