वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर चल रही एक अनोखी बुलेट पुलिस की नजर में आ गई। बाइक पर आगे नंबर प्लेट की जगह "परशुराम" और पीछे "राम" लिखा हुआ था, लेकिन वाहन का वास्तविक नंबर कहीं दिखाई नहीं दिया। ऊपर से बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा था और उस पर तीन लोग सवार थे।
पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह, उपनिरीक्षक प्रद्युम्न राय और कांस्टेबल अमरेश यादव ने संदिग्ध तरीके से चल रही बुलेट को रोककर जांच की। जांच में सामने आया कि बाइक की नंबर प्लेट निर्धारित नियमों के अनुरूप नहीं थी। इसके साथ ही मॉडिफाइड साइलेंसर और तीन सवारी के मामले में भी यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया।
पुलिस ने मौके पर ही वाहन का चालान कर कार्रवाई की। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान अपनी जगह है, लेकिन वाहन पर वैध नंबर प्लेट और यातायात नियमों का पालन करना हर चालक की जिम्मेदारी है।
पुलिस की कार्रवाई का संदेश साफ है— श्रद्धा के नाम पर नियमों से खिलवाड़ नहीं चलेगा।
Comments (0)