प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस से काशीवासियों व देशवासियों को बधाई के साथ कहें कि पीएम मोदी सरकार के दृढ़ संकल्प से मजबूत हुई राष्ट्रीय एकता

वाराणसी। काशी की पावन नगरी एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र बनारस से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला सहकारी फेडरेशन के चेयरमैन राकेश सिंह अलगू ने बुधवार को धारा 370 हटने की सातवीं वर्षगांठ पर काशीवासियों के साथ-साथ पूरे देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। राकेश सिंह अलगू ने कहा कि यह युगांतकारी निर्णय भारत की अखंडता और राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है। अलगू सिंह ने अपने बयान में कहा कि इस ऐतिहासिक कदम से दलित एवं वाल्मीकि समाज को आरक्षण का बहुप्रतीक्षित लाभ मिला। उन्होंने स्पष्ट किया कि धारा 370 के हटने के बाद पूरे देश का संविधान और कानून जम्मू-कश्मीर में भी समान रूप से लागू हो गया। इसके साथ ही देश के अन्य नागरिकों को भी वहां जमीन खरीदने और बसने का अधिकार प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि एक ही देश में दो संविधान और दो झंडे देश की एकता पर बदनुमा दाग थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के हौसले और दृढ़ संकल्प से ही धारा 370 का हटना संभव हो सका। अलगू सिंह ने याद दिलाया कि विपक्ष और पाकिस्तान ने इस निर्णय के खिलाफ बड़ा होहल्ला मचाया तथा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर छाती पीटी, लेकिन हर दुष्प्रचार नाकामयाब रहा। जिला सहकारी फेडरेशन की ओर से राकेश सिंह अलगू ने राष्ट्र और प्रदेशवासियों को इस ऐतिहासिक अवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज जब हम इस निर्णय की सातवीं वर्षगांठ मना रहे हैं, तो यह गर्व का विषय है कि जम्मू-कश्मीर अब पूरी तरह से देश की मुख्यधारा में शामिल हो चुका है।