वाराणसी। में जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चेतगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रामकटोरा चौराहे के पास एक दुकान के अंदर सार्वजनिक रूप से जुआ खेल रहे आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 3,200 रुपये नगद मालफड़ और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। इसके अलावा गिरफ्तार आरोपियों की जामा तलाशी में कुल 310 रुपये नगद और एक-एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।

पुलिस के मुताबिक, 13 सितंबर 2026 को चेतगंज पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि रामकटोरा चौराहे पर कोटक महिंद्रा बैंक के सामने स्थित सागर इंटरप्राइजेज नामक दुकान के अंदर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही चेतगंज पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के दुकान के अंदर पहुंचते ही वहां जुआ खेल रहे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मौके से ताश के पत्ते और रुपये हटाने का प्रयास करते हुए भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सभी आठ लोगों को पकड़ लिया।

तलाशी और मौके की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 52 ताश के पत्ते और 3,200 रुपये मालफड़ बरामद किए। इसके बाद सभी आरोपियों की जामा तलाशी ली गई, जिसमें कुल 310 रुपये नगद और मोबाइल फोन मिले।

इन आठ आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में अजय, सूरज, मो. आसिफ खान, शिवम, निहाल मौर्या, अतुल कुमार, शाहिल उर्फ गोलू और सतीश सिंह उर्फ पप्पू सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चेतगंज, सिगरा, चौबेपुर और रामकटोरा क्षेत्र के निवासी शामिल हैं।

पुलिस ने सभी के खिलाफ मु0अ0सं0-228/2026, धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में चेतगंज थानाध्यक्ष पवन कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक अभिषेक राव, कांस्टेबल पुनीत कुमार और कांस्टेबल उमेश कुमार सिंह द्वितीय शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कमिश्नरेट क्षेत्र में जुआ, सट्टेबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।