वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने जुटाई जानकारी, पिता ने कार से बेटी को घर लाने की पुष्टि की

वाराणसी/रोहनिया। थाना क्षेत्र स्थित हेरिटेज हॉस्पिटल के पास एचपी पेट्रोल पंप से युवती के अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रोहनिया पुलिस ने तत्काल मौके की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस ने ई-चालान ऐप के माध्यम से वाहन स्वामी की जानकारी प्राप्त की। मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर वाहन का संबंध बाबुरी, चंदौली से होने की जानकारी मिली।

पुलिस ने इसके बाद युवती के पिता से फोन पर संपर्क किया। पिता के अनुसार, उनकी बेटी किसी बात को लेकर नाराज थी और घर लौटने के लिए तैयार नहीं थी। वह अपने दोस्त के साथ घूम रही थी। बाद में पिता ने अपनी कार से उसे घर लाने की बात बताई।

पुलिस ने युवती से भी फोन पर बातचीत की। युवती ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ घर पर सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार की परेशानी नहीं है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक सत्यापन में मामला अपहरण के बजाय पारिवारिक परिस्थिति से जुड़ा प्रतीत हुआ। हालांकि, मामले में आवश्यक जांच और सत्यापन की कार्रवाई जारी है।