वाराणसी। भेलूपुर ज़ोन के शिवाला वार्ड स्थित रत्नाकर पार्क के पास एवं आसपास की गलियों में हो रहे सीवर ओवरफ्लो को जलकल विभाग ने गंभीरता से लिया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर जलकल के अभियंताओं ने निरीक्षण कर व त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की है।
जलकल विभाग की टीम ने क्षेत्र से गुजर रही ओल्ड ट्रंक सीवर लाइन तथा कोनिया मेन सीवेज पंपिंग स्टेशन का मौके पर जाकर जायजा लिया। जांच के दौरान कोनिया सीवेज पंपिंग स्टेशन में लगी 100 एम.एल.डी. क्षमता के चार नए सबमर्सिबल पंपों में से दो पंप खराब स्थिति में पाए गए, जबकि दो पंप काम कर रहे थे। वहीं दूसरी तरफ 33 एम.एल.डी. क्षमता के तीन पुराने पंपों में से केवल एक पंप चालू स्थिति में था और दो बंद थे।
इसे देखते हुए जलनिगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता और निर्माण खंड प्रथम के समन्वय से बंद और खराब पड़े पंपों को तत्काल ठीक कराया गया। 33 एम.एल.डी. क्षमता के एक पंप और पंप हाउस के अन्य जरूरी उपकरणों को एक से डेढ़ घंटे के भीतर ठीक करके संचालित कर दिया गया। पंपों के दोबारा चालू होते ही प्रभावित स्थलों और गलियों में जमा सीवर का पानी पूरी तरह हट गया, जिससे स्थानीय निवासियों को ओवरफ्लो की गंभीर समस्या से बड़ी राहत मिली है।
Comments (0)