वाराणसी। शहर में तेज बारिश के दृष्टिगत नागरिक सुविधाओं और जल निकासी की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल शुक्रवार की देर रात हाथ में छाता थामे खुद सड़कों पर उतरे। उन्होंने बारिश के बीच शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति को देखा।

​नगर आयुक्त ने रथयात्रा से बिरदोपुर मार्ग स्थित उषा गुप्ता वाली गली समेत आसपास के क्षेत्रों में पैदल घूम-घूमकर सफाई और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। तेज बारिश के बावजूद राहत की बात यह रही कि निरीक्षण के दौरान किसी भी स्थान पर जलजमाव (वाटर लॉगिंग) की समस्या नहीं पाई गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बारिश के दौरान लगातार अलर्ट रहने व सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कहा कि इधर-बीच रोज बारिश हो रही है । ऐसे में सभी विभागों को सर्तक व सजग रहते हुए समन्वय बनाते हुए टीम भावना से काम करने की जरूरत है ।