वाराणसी /रोहनिया। थाना रोहनिया पुलिस ने चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया है। कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस की सक्रियता सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को रोहनिया थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर में घुसकर कटर मशीन, ड्रिल मशीन, टुल्लू पंप, तार, टेबल फैन और 20 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मंगलवार सुबह करीब 5:10 बजे शीतलेश्वर महादेव मंदिर, अखरी के पास हाईवे की सर्विस लेन से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान रवि पुत्र रामसजीवन (22), विनीत मौर्या पुत्र किशन मौर्या (19), दोनों निवासी बच्छांव पश्चिमपुरा तथा चंदन पुत्र महेंद्र राजभर (करीब 18 वर्ष) निवासी बच्छांव बिचलापुरा, थाना रोहनिया के रूप में हुई। इनके साथ दो बाल अपचारियों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो टुल्लू पंप, एक कटर मशीन और एक छोटा जनरेटर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य चोरी गए सामान की बरामदगी और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध एवं चोरी की घटनाओं के अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में थाना रोहनिया पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक श्याम बाबू, हेड कांस्टेबल अमरनाथ यादव, वेद प्रकाश राय, जयकान्त पाण्डेय, चन्द्रदीप मौर्या तथा कांस्टेबल अरविन्द यादव और श्रीकान्त यादव शामिल रहे।