वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर स्थित प्रताप नगर कॉलोनी के समीप मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बच्चों को घर छोड़ने जा रही देहली पब्लिक स्कूल की बस पर अचानक दो बिजली के पोल गिर पड़े। संयोग रहा कि करीब 20 मिनट पहले ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी, जिससे बस में सवार 22 बच्चों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे गिलट बाजार की ओर से आ रही स्कूल बस प्रताप नगर कॉलोनी के पास पहुंची थी। इसी दौरान सड़क किनारे लगा जर्जर पोल टूटकर हाईटेंशन विद्युत पोल पर गिर गया और दोनों पोल बस के ऊपर आ गिरे। घटना से बस में बैठे बच्चों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई।

बताया गया कि घटना से करीब आधा घंटा पहले ट्रांसफार्मर में करंट उतरने से एक गाय के बछड़े की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर बिजली विभाग ने क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद करा दी थी। लोगों का कहना है कि यदि बिजली चालू रहती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर वार्ड के पार्षद संदीप रघुवंशी मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग तथा पुलिस को सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक हाईटेंशन पोल के साथ लगा दूसरा पोल, जिस पर मोबाइल टावर की केबल का भार था, काफी समय से दोनों पोल जर्जर था। इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जर्जर पोल सोमवार से ही सड़क की ओर झुक गया था। इसकी तस्वीरें भी अधिकारियों को भेजी गई थीं, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। मंगलवार को वही पोल टूट गया, जिससे हाईटेंशन पोल भी बस पर आ गिरा।

क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारी और एसडीओ करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे। लोगों ने यह भी बताया कि ट्रांसफार्मर के नीचे लगा पैनल अक्सर खुला रहता है। मंगलवार को उसमें करंट उतरने से बछड़ा उसकी चपेट में आ गया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने जर्जर विद्युत पोलों को तत्काल बदलने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।