वाराणसी: रामनगर में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में गोली, दो लुटेरे गिरफ्तार


वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के बंदरगाह इलाके में सोमवार सुबह चेतगंज और रामनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी हाल ही में चेतगंज क्षेत्र में हुई लूट की घटना में वांछित थे।

एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने बताया कि चेतगंज में हुई लूट की वारदात के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। सूचना मिली थी कि लूटकांड के आरोपी रामनगर क्षेत्र में मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर चेतगंज थाना प्रभारी वीके शुक्ला और रामनगर एसओ संजय मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की।पुलिस ने जब बाइक सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आकाश सेठ के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी आशीष मौर्य भागने की कोशिश के दौरान पकड़ लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा और अन्य सामान बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।